लखनऊ। उत्तर प्रदेश का मौसम तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक बार फिर प्रदेश के मौसम में बदलाव होने जा रहा है। फरवरी महीने की शुरुआत बारिश की बौछार के साथ हो सकती है। आज भी प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का कहर देखने को मिलेगा। आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में घने बादल छाए रहेंगे और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने के आसार है।मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 24 जिलों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। जिसके मुताबिक आज बरेली, मुरादाबाद, बहराइच, महाराजगंज,लखीमपुर खीरी, देवरिया, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, रामपुर, बाराबंकी, संतकबीरनगर, बस्ती, शामली, सीतापुर, अमरोहा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ,बलरामपुर, पीलीभीत, बिजनौर, गोंडा और कुशीनगर के आसपास के इलाकों में कोहरे का कहर देखने को मिलेगा। मौसम जानकारों के मुताबिक 1 फरवरी को अमरोहा, अलीगढ़, संभल, मेरठ, मथुरा, शामली, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, बागपत जिले के आस-पास के इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं 2 फरवरी से 4 फरवरी तक भी प्रदेश के अलग-अलग इलाकों बादल बरस सकते हैं।
मौसम विभाग की माने तो पिछले 24 घंटे में अयोध्या में सबसे ज्यादा ठंड रही। यहां का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं कानपुर के लोगों को कल राहत मिली क्योंकि यहां का अधिकतम तापमान पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस, मेरठ का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस, आगरा का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस, लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।