जुन्नारदेव —- राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रा इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का ग्राम जुन्नारदेव विशाला में समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वयं सेविकाओं ने अपने शिविर अनुभव साझा किए। सीमा, पूजा और रंजीता ने बाल विवाह, साइबर क्राइम और पर्यावरण जागरूकता पर कविता प्रस्तुत कीं। किरण ने मां गीत प्रस्तुत किया। समस्त स्वयं सेविकाओं ने आदिवासी नृत्य से समा बांध दिया। देविका, पिंकी, रेशमा, हेमलता, अंजु ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर रश्मि नागवंशी ने श्रम सेवा सहयोग की भावना से अथक परिश्रम करने वाली स्वयं सेविकाओं को पुरस्कारों से नवाज़ा। शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर ए के टांडेकर ने स्वयं सेविकाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की एवं स्वयं सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। डॉक्टर संगीता वाशिंगटन ने बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ और स्वयं सेविकाओं ने एनएसएस के लक्ष्य गीत “उठे समाज के लिए उठे” के साथ कार्यक्रम का समापन किया।