ग्वालियर। बिजौली क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह दीपावली पूजन से कुछ देर पहले ही अपने ससुराल से मायके आई थी। दीपावली पूजन वाले दिन अचानक मायके आने को लेकर माता-पिता ने बात भी की थी, लेकिन वह बोली कि याद आ रही थी। इसलिए मायके आ गई। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। मायके वालों का कहना है कि ससुराल में जरूर कुछ गलत हुआ था, जिसके चलते वह मायके आई। इसके बाद उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मृतका के शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया है
बिजौली स्थित इकहरा गांव में रहने वाले लल्लेश ने अपनी बेटी पूनम उम्र 22 वर्ष की शादी करीब एक साल पहले राहुल धानुक से की थी। राहुल भिंड के एंडोरी का रहने वाला है। दीपावली पूजन वाले दिन पूनम अचानक अपने मायके आ गई। उसके परिवार वालों ने पूछा तो बोली कि याद आ रही थी, इसलिए आ गई। स्वजन को असहज लगा, लेकिन पूनम ने कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया था। शनिवार को माता-पिता घर के बाहर थे। तभी पूनम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी छोटी बहन ने उसे फांसी के फंदे पर लटकते हुए देखा तो माता-पिता को बुलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
दीपावली की रात भिंड रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर एफआइआर दर्ज की है। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस देख रही है।
भिंड रोड स्थित भगत सिंह नगर के रहने वाले संतोष सिंह दीपावली की रात बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही चावला मार्केट और कोठारी हाउस के बीच पहुंचे तो तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। इस मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है।